केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2024 के लिए रविवार (17 नवंबर) को होने वाली अपनी जनसभाएं और बैठकें रद्द कर दी हैं।उन्होंने सभी बैठकें रद्द कर दीं और नागपुर से चले गए। नागपुर जिले के गढ़चिरौली, वर्धा और कटोल और सावनेर में उनकी सभी चार बैठकें रद्द कर दी गई हैं। सूत्रों के मुताबिक मणिपुर की घटना के कारण अमित शाह का कार्यक्रम रद्द किया गया है। बता दें कि, मणिपुर के बिगड़ते हालत को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह दिल्ली पहुंचे हैं। वहीं गृह मंत्रालय में बैठकों का दौर जारी है। सीआरपीएफ डीजी अनीश दयाल खुद मणिपुर के लिए रवाना हुए। दरअसल, मणिपुर में सीआरपीएफ के कैंप पर उग्रवादियों ने हमला किया था। जहां कुछ नागरिकों की हत्या के बाद हिंसा उत्पन हुई है।
मणिपुर हिंसा के कारण लौटे दिल्ली
बता दें कि, मणिपुर की घटना के कारण गृह अमित शाह अचानक अपने सभी राजनीतिक कार्यक्रम रद्द कर दिल्ली लौट गए। उनकी अनुपस्थिति में स्मृति ईरानी और शिवराज सिंह चौहान एक ही स्थान और समय पर रैली करेंगे और ये दोनों नेता जनता को संबोधित करेंगे। अमित शाह की चार सभाओं में से 2 स्मृति ईरानी और 2 शिवराज सिंह चौहान की होंगी। इससे पहले अमित शाह आज की चार बैठकों के लिए ही नागपुर पहुंचे थे। जहां वह नागपुर के रेडिसन ब्लू होटल में ठहरे थे। दरअसल, वह आज सुबह करीब 11 बजे जनसभा के लिए गढ़चिरौली रवाना होने वाले थे, लेकिन अचानक पता चला कि उनका दौरा रद्द कर दिया गया है।
कहां-कहां होनी थीं जनसभाएं?
भारतीय जनता पार्टी के तय कार्यक्रम के मुताबिक अमित शाह की पहली जनसभा रविवार सुबह 11 बजे से गढ़चिरौली विधानसभा क्षेत्र में होनी थी। उन्हें यहां छत्रपति शिवाजी कॉलेज ग्राउंड में लोगों को संबोधित करना था। इसके बाद उनको दोपहर 12:45 बजे से वर्धा विधानसभा क्षेत्र में जनसभा को संबोधित करना था। फिर वर्धा के बाद केंद्रीय गृह मंत्री को कटोल विधानसभा क्षेत्र जाना था और वहां करीब 2:15 बजे से जनसभा को संबोधित करना था। इसके बाद कार्यकर्ताओं के साथ बैठक भी करनी थी। बता दें कि महाराष्ट्र विधानसभा की 288 सीटों के लिए एक ही चरण में 20 नवंबर को मतदान होना है। चुनाव के नतीजे 23 नवंबर को आएंगे।
