Spread the love

डॉ. सचिन श्री

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के खिलाफ इजरायल के हमले को लेकर अटकलें कायम रखी हैं. उन्होंने कहा, ‘मैं ऐसा कर सकता हूं, मैं ऐसा नहीं भी कर सकता, वहीं ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला खामेनेई ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सरेंडर वाली अपील को खारिज करते हुए चेतावनी देते हुए कहा, ‘किसी भी अमेरिकी सैन्य हस्तक्षेप से निस्संदेह अपूरणीय क्षति होगी |

ईरान और इजरायल के बीच चल रही जंग नए दौर में प्रवेश कर चुकी है. संघर्ष शुरू होने के आठवें दिन भी दोनों देश एक-दूसरे पर बड़े स्तर पर हमले कर रहे हैं. न्यूज एजेंसी ISNA के मुताबिक, गुरुवार को इजरायल ने ईरान पर रात भर हमले किए, जिसमें अराक के पास एक रिएक्टर, नतांज़ के पास एक सुविधा और खोंडब हेवी-वाटर रिसर्च साइट के नज़दीकी इलाकों को निशाना बनाया गया, जो ईरान के परमाणु कार्यक्रम का हिस्सा हैं. एपी की रिपोर्ट के मुताबिक, जवाबी कार्रवाई में ईरान ने मिसाइलें दागीं, जो इजरायल में एक मेडिकल बिल्डिंग पर गिरीं और आस-पास के अपार्टमेंट को नुकसान पहुंचा. एएफपी की रिपोर्ट के मुताबिक, हमले के बाद, इजरायल के रक्षा मंत्री इजरायल कैट्ज ने कहा कि ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई को ‘अब और जिंदा रहने की अनुमति नहीं दी जा सकती’, उन पर अस्पतालों पर हमले करने और इजरायल के विनाश की मांग करने का आरोप लगाया. इस बीच, ऑपरेशन सिंधु के तहत ईरान से निकाले गए करीब 100 भारतीय छात्र दिल्ली पहुंचे.

एपी की रिपोर्ट के मुताबिक, इजरायल के एयर कैंपेन ने कई परमाणु और सैन्य स्थलों को निशाना बनाया है, जिसमें सीनियर जनरल और परमाणु वैज्ञानिक मारे गए हैं. वॉशिंगटन स्थित एक ईरानी मानवाधिकार समूह ने बताया कि ईरान में करीब 639 लोग मारे गए हैं, जिनमें 263 नागरिक शामिल हैं और 1,300 से ज्यादा नागरिक घायल हुए हैं. वहीं, जवाबी कार्रवाई में ईरान ने करीब 400 मिसाइलें और सैकड़ों ड्रोन दागे, जिससे इजरायल में करीब 24 लोग मारे गए और सैकड़ों घायल हुए.

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के खिलाफ इजरायल के हमले को लेकर अटकलें कायम रखी हैं. उन्होंने कहा, “मैं ऐसा कर सकता हूं, मैं ऐसा नहीं भी कर सकता.” उन्होंने यह भी दावा किया कि ईरानी अधिकारी बातचीत करना चाहते हैं, लेकिन ट्रंप ने कहा, “इसमें थोड़ी देर हो चुकी है.” बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि इजरायल, ईरान के परमाणु और मिसाइल बुनियादी ढांचे को खत्म करने के लिए आगे बढ़ रहा है, उन्होंने ट्रंप को उनके समर्थन के लिए धन्यवाद दिया. ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला खामेनेई ने ट्रंप की सरेंडर वाली अपील को खारिज करते हुए चेतावनी दी कि किसी भी अमेरिकी सैन्य हस्तक्षेप से निस्संदेह अपूरणीय क्षति होगी |

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *