देश की राजधानी होने के नाते दिल्ली में सुरक्षा की सख्त व्यवस्था रहती है. इसके बावजूद अपराधी अपने मंसूबों को अंजाम देने में जुटे रहते हैं. दिल्ली पुलिस की टीम ने ऐसे ही क्रिमिनल्स के एक रैकेट का भंडाफोड़ किया है.
यह सिंडिकेट दिल्ली से इंटरनेशनल ब्रांड के सिगरेट रैकेट को ऑपरेट कर रहा था. पुलिस टीम ने गैंग के 4 मेंबर को गिरफ्तार किया है. साथ ही लाखों रुपये मूल्य के सिगरेट जब्त किए हैं. इस रैकेट के तार गुवाहाटी से भी जुड़े हैं. गैंग मेंबर के निशाने पर युवा रहते थे. उन्हें इंटरनेशनल ब्रांड के सिगरेट ऊंची कीमतों पर बेचे जाते थे और उन्हें नशे की दलदल में धकेल दिया जाता था. पुलिस की इस कार्रवाई से नशे के कारोबार पर कुछ हद तक ब्रेक लगने की उम्मीद जगी है.
जानकारी के अनुसार, दिल्ली में इंटरनेशनल ब्रांड के सिगरेट का अवैध रैकेट चलने की सूचना पुलिस को मिली थी. गुप्त सूचना के आधार पर दिल्ली पुलिस ने स्पेशल टीम गठित कर छापा मारा. एक अधिकारी ने रविवार को बताया कि पुलिस ने दिल्ली में दो जगहों पर छापे मारकर 6.50 लाख सिगरेट स्टिक को जब्त किया है. बाजार में इसकी कीमत 66 लाख रुपये आंकी गई है. इसके साथ ही पुलिस ने रैकेट में शामिल अनस (32), साकिब (32), समीर उर रहमान (23) और सागर हसवानी (45) को गिरफ्तार किया गया है. फिलहाल इनसे पूछताछ की जा रही है, ताकि इस रैकेट के बारे में अन्य जानकारियां हासिल की जा सके.
गुवाहाटी से जुड़े तार
दिल्ली इंटरनेशनल सिगरेट ब्रांड रैकेट के तार गुवाहाटी (असम) से जुड़े हैं. DCP (क्राइम) संजय कुमार सैन ने बताया कि रैकेट के मेंबर युवाओं को निशाना बनाते थे. पुलिस के ऑपरेशन में इसके व्यापक नेक्सस का खुलासा हुआ है. डीसीपी ने बताया कि ये सिगरेट गुवाहाटी से लाय जाता था और उन्हें दिल्ली में बेचा जाता था. उन्होंने बताया कि गुप्त सूचना मिलने के बाद लाहौरी गेट इलाके में दो जगहों पर छापे मारे गए. छापा मारने की कार्रवाई गुरुवार को की गई थी. इसमें क्राइम ब्रांच को बड़ी सफलता हासिल हुई.
दिल्ली में दो जगहों पर छापे
दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच की टीम ने इंटरनेशनल सिगरेट रैकेट का खुलासा करने के लिए दो जगहों पर छाप मारा. लाहौरी गेट इलाके में कटरा हिद्दू और समोसे वाली गली में पुलिस टीम ने छापा मारा. डीसीपी-क्राइम संजय कुमार ने बताया कि कटरा हिद्दू इलाके में एक गोदाम पर छापा मारकर बड़े पैमाने पर सिगरेट की खेप जब्त की. इसे अनस और सादिक ऑपरेट कर रहे थे. क्राइम ब्रांच की टीम ने समोसे वाली गली में एक बिल्डिंग पर धावा बोला और वहां से भी इंटरनेशनल ब्रांड के सिगरेट जब्त किए. इस दुकान को समीर उर रहमान चला रहा था, जिसे सीज कर दिया गया है. तीनों आरोपियों ने पूछताछ में सागर हसवानी का नाम लिया, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया. सागर गुवाहाटी से सिगरेट लाता था.
