चैंपियंस ट्रॉफी (Champions Trophy 2025) की मेजबानी को लेकर चला आ रहा गतिरोध भले ही अभी तक न टूटा हो, लेकिन आधिकारिक प्रसारक स्टार-स्पोर्ट्स (starsports) ने सोमवार को मेगा इवेंट का प्रोमो जारी कर दिया.
लेकिन इसमें पाकिस्तान का रत्ती भर भी जिक्र नहीं है. बहरहाल,अगले साल फरवरी-मार्च में प्रस्तावित चैंपियंस ट्राफी की मेजबानी को लेकर आईसीसी (BCCI) बुधवार को फैसला सुना सकती है. वैसे टूर्नामेंट की मेजबानी के अधिकार पाकिस्तान के पास हैं, लेकिन कहां होगा, किस रूप में होगा, यह तो अभी भी भविष्य के गर्भ में ही छिपा है. सबसे ताजा अपडेट तो यही है कि PCB ने टीम इंडिया के पाकिस्तान न आने की सूरत में आईसीसी से अगले तीन साल यानी 2027 तक हाइब्रिड मॉडल पर लिखित में आश्वासन दिए जाने की मांग की है. इसका मतलब यह है कि भविष्य में साल 2027 तक भारत में होने वाले आईसीसी टूर्नामेंटों में पाकिस्तान भी हाइब्रिड मॉडल के आधार पर ही भारत के खिलाफ खेलेगा. मतलब पाकिस्तान टीम भी भारत नहीं आएगी.
Champions Trophy 2025: “तो ऐसे में वहां जाकर खेलने को कोई मतलब नहीं बनता”, चैंपियंस ट्रॉफी पर बोले आफरीदी
चली आ रही तकरार के बीच PCB हाइब्रिड मॉडल को स्वीकार कर चुका है और वह चैंपियंस ट्रॉफी में भारत के मैच दुबई में खेलेगा, जबकि टूर्नामेंट के बाकी मैच पाकिस्तान में ही खेले जाएंगे. वहीं, भारत अगर सेमीफाइनल या फाइनल में पहुंचता है, तो ये मुकाबले भी दुबई में ही खेले जाएंगे.
सूत्रों के अनुसार, “पाकिस्तान भविष्य में भारत में होने वाली अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए आईसीसी से लिखित में हाइब्रिड मॉडल का आश्वासन चाहता है. वहीं, चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी को लेकर फैसला बुधवार को आने की संभावना है,” इसी बीच एमिरेट्स क्रिकेट बोर्ड ICC के चैंपियंस ट्रॉफी पर लिए जाने वाले फैसले पर कड़ी निगाह गड़ाए हुए है. उसे बस दुबई में भारत के मैचों की पुष्टि भर का इंतजार है.”
स्टार-स्पोर्ट्स ने लिया यह फैसला, बिना पाकिस्तान के…
गतिरोध चल रहा है, लेकिन करोड़ों-अरबों रुपये खर्च प्रसारण अधिकार हासिल करने वाले आधिकारिक ब्रॉडकास्टर स्टार-स्पोर्ट्स ने ठीक वही किया, जो कोई भी चैनल करता. चल रही खींचातान के बीच चैनल ने सोमवार को चैंपियंस ट्रॉफी का प्रोमो जारी कर दिया, लेकिन बिना पाकिस्तान के नाम के. समझा जा सकता है कि जब मेजबानी स्थल का आधिकारिक तौर पर ऐलान ही नहीं हुआ है, शेड्यूल की भी घोषणा होना बाकी है, तो ऐसे में चैनल भला कैसे जोखिम ले सकता था. यही वजह रही कि जब बिना पाकिस्तान के नाम के जिक्र के प्रोमो जारी हुआ, तो फैंस को हैरानी नहीं हुई.
