Spread the love

जर्मनी के मैगडेबर्ग शहर में एक सऊदी डॉक्टर ने जानबूझकर अपनी बीएमडब्ल्यू कार भीड़भाड़ वाले क्रिसमस बाजार में घुसा दी। उसने 200 से अधिक लोगों को रौंद दिया। इस घटना में एक बच्चे सहित 5 लोगों की मौत हो गई।

हादसे में कम से कम 200 लोग घायल हुए हैं। इस घटना में 7 भारतीय भी घायल हुए, जिनमें से तीन को हॉस्पिटल से डिस्चार्ज कर दिया गया है। सूत्रों की ओर से बताया गया कि इंडियन मिशन घायलों के साथ लगातार संपर्क में बना हुआ है।

भारत की ओर से मैगडेबर्ग में क्रिसमस बाजार में हुए हमले की कड़ी निंदा की गई। विदेश मंत्रालय ने बयान जारी करके कहा, ‘हम जर्मनी के मैगडेबर्ग में क्रिसमस बाजार में हुए भयानक और संवेदनहीन हमले की निंदा करते हैं। कई बहुमूल्य जानें चली गईं और कई घायल हो गए। हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं पीड़ितों के साथ हैं। हमारा मिशन घायल भारतीयों और उनके परिवारों के संपर्क में है और हर संभव सहायता प्रदान कर रहा है।’

हमले की जगह से 50 वर्षीय व्यक्ति गिरफ्तार

अधिकारियों ने शुक्रवार शाम को मैगडेबर्ग में हमले की जगह से 50 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया और उससे पूछताछ की जा रही है। आरोपी कार चालक करीब 2 दशकों से जर्मनी में रह रहा था। मैगडेबर्ग से करीब 40 किलोमीटर दूर दक्षिण में बर्नबर्ग में चिकित्सक के रूप में कार्य करता था। चांसलर ओलाफ स्कोल्ज ने बताया कि घायलों में से करीब 40 लोगों की हालत गंभीर है। जर्मनी के कई मीडिया संस्थानों ने संदिग्ध की पहचान तालेब ए के रूप में की है। हालांकि, गोपनीयता कानूनों के अनुरूप उसका अंतिम नाम नहीं बताया। मीडिया में आई खबरों के मुताबिक, आरोपी कार चालक मनोचिकित्सक है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *