नए साल से पहले ही दिल्ली में कंपकंपाने वाली ठंड शुरू हो गई है। पहाड़ों से आ रही बर्फीली हवाएं ठिठुरन बढ़ा रही है। इस बीच दो दिन हुई बारिश से तापमान में भी गिरावट भी दर्ज की गई जिससे ठंड और बढ़ गई।
आज भी सुबह से आसमान में बादल छाए हुए हैं और तेज हवाएं लोगों को परेशान कर रही है। फिलहाल लोगों को बारिश से तो राहत मिल गई है लेकिन मौसम विभाग ने एक मुसीबत की चेतावनी दी है। आईएमडी ने एक हफ्ते का पूर्वानुमान जारी किया है जिसमें घने कोहरे की चेतावनी दी गई है। इसके लिए मौसम विभाग ने लगातार तीन दिन येलो अलर्ट भी जारी किया है।
साल के आखिरी दो दिन और नए साल पर कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक कल यानी 30 दिसंबर को दिल्ली में बहुत घना कोहरा छाया रह सकता है। इस दौरान न्यूनतम तापमान 9 और अधिकतम तापमान 17 डिग्री दर्ज किया जा सकता है। ऐसे में मौसम विभाग ने कल के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
इसके बाद इस साल के आखिरी दिन यानी 31 दिसंबर और नए साल के पहले दिन यानी एक जनवरी 2025 को कोहरे वाला मौसम परेशान कर सकता है। इन दोनों दिन भी घना कोहरा छाए रहने की आशंका है। इस दौरान न्यूनतम तापमान 7 से 8 डिग्री और अधिकतम तापमान 17-18 डिग्री दर्ज किया जा सकता है। इन दोनों दिनों के लिए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है।
आईएमडी के ताजा अपडेट के मुताबिक 2, 3 और चार जनवरी को भी कोहरा छाया रहेगा लेकिन इसके लिए कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। इस दौरान तापमान में भी एक से दो डिग्री बढ़ सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक 2 जनवरी को तापमान 9 डिग्री, 3 जनवरी को 10 और 4 जनवरी को 11 डिग्री दर्ज किया जा सकता है। उधर अधिकतम तापमान भी 19-20 डिग्री रह सकता है।
