नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ में 18 यात्रियों की मौत के बाद रेलवे की तरफ से बड़ा एक्शन लिया गया है. हादसे के करीब 15 दिन बाद दिल्ली के डीआरएम (DRM) सुखविंदर सिंह और अतिरिक्त डीआरएम विक्रम सिंह राणा समेत रेलवे के 4 सीनियर अधिकारियों का ट्रांसफर कर दिया गया है.रेलवे के एक आधिकारिक आदेश में इससे जुड़ी जानकादी दी गई. रेलवे के एक अधिकारी ने कहा, ‘प्रशासनिक आदेशों के जरिये तत्काल कोई कारण बताए बिना उनका तबादला किया गया है, लेकिन इस कदम के समय से जाहिर तौर पर भगदड़ से इसके तार जुड़े हो सकते हैं.’
तैनाती को लेकर रेलवे की तरफ से जानकारी नहीं दी गई
उन्होंने कहा, ‘मंत्रालय को कहीं न कहीं उनकी तरफ से लापरवाही नजर आई है.’ आधिकारिक आदेश के अनुसार डीआरएम सुखविंदर सिंह, एडीआरएम विक्रम सिंह राणा, स्टेशन निदेशक महेश यादव और सीनियर डिविजनल कमर्शियल मैनेजर (पैसेंजर सर्विस) आनंद मोहन का तबादला किया गया है. उनकी नई तैनाती को लेकर अभी रेलवे की तरफ से किसी तरह की जानकारी नहीं दी गई. डीआरएम और एडीआरम के ट्रांसफर रेलवे बोर्ड के एक आदेश के जरिये किए गए हैं, वहीं यादव एवं नारायण का संयुक्त स्थानांतरण आदेश उत्तर रेलवे की तरफ से जारी किया गया.
राष्ट्रपति की मंजूरी से लिया गया यह फैसला
सिंह को जुलाई 2023 में दिल्ली मंडल का डीआरएम नियुक्त किया गया था और उनका दो साल का कार्यकाल इस साल के शुरू तक था. रेलवे मिनिस्ट्री की तरफ से जारी तबादला आदेश में कहा गया कि उत्तर मध्य रेलवे से पुष्पेश आर त्रिपाठी को दिल्ली का डीआरएम बनाया गया है . विक्रम सिंह राणा की जगह वरिष्ठ अधिकारी समीर कुमार ने ली है. आदेश में कहा गया, ‘रेल मंत्रालय ने राष्ट्रपति की मंजूरी से फैसला लिया है कि उत्तर मध्य रेलवे से पुष्पेश आर त्रिपाठी को ट्रांसफर कर सुखविंदर सिंह की जगह डीआरएम / दिल्ली / उत्तर रेलवे के पद पर नियुक्त किया जाता है. सिंह के लिए आदेश बाद में जारी किए जाएंगे.’
भगदड़ मचने से 18 यात्रियों की हुई थी मौत
गौरतलब है कि राजधानी के नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर 15 फरवरी की रात को भगदड़ मचने से 18 यात्रियों की मौत हो गई थी. इस मामले को लेकर रेलवे मिनिस्ट्री ने नॉर्दर्न रेलवे के दो सीनियर अधिकारी नरसिंह और पंकज गंगवार की एक हायर लेवल कमेटी का गठन किया गया था. इस मामले में दावा किया गया था कि जांच कमिटी जल्द हादसे से जुड़ी जांच रिपोर्ट मंत्रालय और रेलवे बोर्ड को सौंपेगी. अब इस मामले में बड़ा एक्शन लिया गया है.
