Spread the love

बंगाल सरकार ने गुरुवार शाम डिब्रूगढ़ चेक पोस्ट को सील कर दिया, जिससे झारखंड से एनएच-19 पर बराकर ब्रिज से मैथन तक भारी वाहनों की कतार लग गई। जानकारी के मुताबिक, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अंतरराज्यीय सीमा को तीन दिनों के लिए सील करने का आदेश दिया है।ममता ने शुक्रवार को झारखंड सरकार की आलोचना करते हुए आरोप लगाया था कि दामोदर घाटी निगम (डीवीसी) झारखंड को बचाने के लिए अपने बांध से पानी छोड़ रहा है, जिसके बाद से राज्य में बाढ़ जैसी स्थिति बढ़ गई है। अब इसी को लेकर भाजपा के हिमंता बिस्वा सरमा ने झारखंड सरकार और ममता बनर्जी पर निशाना साधा है। उन्होंने एक्स पोस्ट में लिखा कि बंगाल सरकार की विफलता के कारण बंगाल के लोग बाढ़ से पीड़ित हैं। लेकिन मुझे आश्चर्य है कि ममता दीदी अपना गुस्सा अपने अधिकारियों पर नहीं, बल्कि झारखंड की जनता पर निकाल रही हैं। वह राज्य की सीमा को अवरुद्ध कर झारखंड के लोगों को सबक सिखा रही है और झारखंड के मुख्यमंत्री चुप हैं। उन्होंने आगे कहा कि केंद्र की बीजेपी सरकार भी कह चुकी है कि बंगाल में आई बाढ़ के लिए झारखंड दोषी नहीं है। असम सीएम ने कहा कि यह मामला किसी राजनीतिक दल से जुड़ा नहीं है, यह झारखंड की जनता के सम्मान का मामला है। लेकिन झामुमो ने चुप्पी साध ली है क्योंकि उनके लिए राजनीति का कर्तव्य राज्य के कर्तव्य से बड़ा है। झारखंड की जनता को सोचना चाहिए कि क्या आपको ऐसी पार्टी को फिर से मौका देना चाहिए जो अपने राज्य की गरिमा की रक्षा करने में असमर्थ है? आपको बता दें कि बंगाल सरकार की इस कार्रवाई पर झारखंड के अधिकारी हैरानी जताते हुए इस मामले पर चुप्पी साधे हुए हैं। सरकारी सूत्रों ने दावा किया कि वरिष्ठ अधिकारियों को इस बारे में सूचित कर दिया गया है, लेकिन मामला अभी तक सुलझा नहीं है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *