Spread the love

सौजन्या:- Babusona Ghosh (Reporter)

www.aapkiTv.in

भारतीय महिला टीम ने आयरलैंड के खिलाफ तीसरे वनडे में 304 रन से जीत दर्ज करते हुए रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। यह भारतीय महिला टीम की वनडे में अब तक की सबसे बड़ी जीत है।

इससे पहले उन्होंने 2017 में 249 रन से जीत दर्ज की थी और इस दौरान पर आयरलैंड के खिलाफ ही जीत दर्ज की थी। इसी के साथ ही भारत ने सीरीज भी 3-0 से अपने नाम कर ली है।

स्मृति मंधाना के सबसे तेज शतक जड़ने वाली पहली भारतीय महिला क्रिकेटर बनने और प्रतिका रावल के पहले सैकड़े की मदद से भारत ने बुधवार को यहां आयरलैंड के खिलाफ तीसरे और अंतिम एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच में 5 विकेट पर 435 रन बनाए। यह भारत का 50 ओवर के प्रारूप में अब तक का सर्वोच्च स्कोर है। इसके जवाब में दीप्ति शर्मा के 3 विकेट और अन्य गेंदबाजों की मदद से भारत ने बड़ी जीत अपने नाम की। आयरलैंड की तरफ से सारा फोर्ब्स ने 41 रन की सबसे बड़ी पारी खेली।

महिला वनडे में भारत की सबसे बड़ी जीत

304 रन बनाम आयरलैंड-डब्ल्यू, राजकोट, 2025 249 रन बनाम आयरलैंड-डब्ल्यू, पोटचेफस्ट्रूम, 2017 211 रन बनाम वेस्टइंडीज-डब्ल्यू, वडोदरा, 2024 207 रन बनाम पाकिस्तान-डब्ल्यू, दांबुला, 2008 193 रन बनाम पाकिस्तान-डब्ल्यू, कराची, 2005

इससे पहले कार्यवाहक कप्तान स्मृति ने सिर्फ 70 गेंद पर 135 रन (80 गेंद) बनाए जो उनका 10वां वनडे शतक है। इस तरह भारतीय महिला टीम पहली बार 400 रन के आंकड़े को पार करने में सफल रही। इससे भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के साथ एलीट सूची में शामिल होने में कामयाब रही। यह महिला एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में चौथा सर्वोच्च स्कोर भी है। अपनी इस शानदारी पारी की मदद से स्मृति ने हरमनप्रीत कौर के पिछले साल दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 87 गेंद पर बनाए गए शतक को भी पीछे छोड़ दिया।

स्मृति ने 39 गेंद में अपना 31वां वनडे अर्धशतक पूरा किया और बाएं हाथ की इस बल्लेबाज ने हवाई शॉट लगाने से भी गुरेज नहीं किया। उनकी पारी में सात छक्के और 12 चौके जड़े थे। वहीं रेलवे का प्रतिनिधित्व करने वाली दिल्ली की क्रिकेटर प्रतिका ने अपनी कप्तान का पूरा साथ निभाते हुए शानदार पारी खेली। उन्होंने अपनी छठी ही पारी में अपना पहला अंतरराष्ट्रीय शतक जड़कर इस मैच को और भी खास बना दिया।

उन्होंने 129 गेंद में 154 रन बनाए। वेस्टइंडीज के खिलाफ पिछली श्रृंखला में पदार्पण करने वाली 24 वर्षीय खिलाड़ी ने चार पारियों में तीन अर्धशतक जड़े थे। इस बार उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 100 गेंद में शतक जड़कर शानदार प्रदर्शन किया। प्रतिका ने धैर्य और आक्रामकता का सही मेल दिखाया और अपनी पारी के दौरान 12 चौके और एक छक्का जड़ा। दोनों के बीच 233 रन की साझेदारी से यह जोड़ी महिला वनडे में 200 रन की भागीदारी करने वाली चौथी भारतीय जोड़ी बन गई।

पिछली बार दीप्ति शर्मा और पूनम राउत ने 2017 में आयरलैंड के खिलाफ पहले विकेट के लिए रिकॉर्ड 320 रन की साझेदारी निभाई थी। यह तीसरा मौका था जब दोनों भारतीय सलामी बल्लेबाजों ने महिला वनडे में शतक जड़े हों। इससे पहले 1999 में रेश्मा गांधी और मिताली राज तथा दीप्ति और राउत ने आयरलैंड के खिलाफ शतक जड़े थे। भारतीय जोड़ी ने पावरप्ले के दौरान 90 रन और अगले 10 ओवर में 67 रन जोड़े जिससे स्कोरिंग गति तेज रही। इस तरह दोनों ने पिछली छह पारियों में से चौथी बार 100 रन की भागीदारी बनाई।

स्मृति ने कैलेंडर वर्ष का अपना पहला शतक अर्लेन कैली की गेंद पर शानदार ड्राइव के साथ पूरा किया। स्मृति ने इसी गेंदबाज के ओवर में लगातार दो छक्के जड़े। तीसरे नंबर पर उतारी गईं विकेटकीपर बल्लेबाज ऋचा घोष ने भी फॉर्म में वापसी की और 37 गेंद में अर्धशतक बनाया। यह वनडे में उनका पांचवां अर्धशतक था। आयरलैंड ने सात गेंदबाजों का इस्तेमाल किया लेकिन ये सभी भारत की बल्लेबाजों के सामने संघर्ष करती दिखीं। वहीं खराब क्षेत्ररक्षण ने उनकी परेशानी और बढ़ा दी।

सौजन्या:- Babusona Ghosh (Reporter)

www.aapkiTv.in

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *