Spread the love

संविधान पर चर्चा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को लोकसभा में चर्चा का जवाब देंगे. लोकसभा में रक्षामंत्री राजनाथ सिंह चर्चा की शुरुआत करेंगे और वहीं राज्यसभा में चर्चा की शुरुआत गृह मंत्री अमित शाह करेंगे.

दरअसल आगामी 13 और 14 दिसंबर को संविधान के 75 वर्ष पर लोकसभा में चर्चा होगी. सूत्रों की मानें तो 14 तारीख को पीएम मोदी चर्चा का जवाब देंगे. 16 और 17 को राज्यसभा में चर्चा होगी. 16 को गृह मंत्री अमित शाह राज्यसभा में चर्चा की शुरुआत करेंगे.

स्पीकर ओम बिड़ला ने की सर्वदलीय बैठक

लोकसभा में जारी गतिरोध को समाप्त करने के लिए सोमवार को लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला ने विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं के साथ सर्वदलीय बैठक की. बैठक में संसद के सुचारू संचालन पर सहमति बनी, जिससे कल से संसद के कामकाज के सामान्य होने की उम्मीद है.

बैठक में लोकसभा स्पीकर ने सभी सदस्यों से अपील की कि वे सदन को सुचारू रूप से चलने दें और जनता से जुड़े मुद्दों पर चर्चा को प्राथमिकता दें. स्पीकर की इस अपील पर सभी दलों के प्रतिनिधियों ने सहमति जताई और सदन में गतिरोध खत्म करने का आश्वासन दिया है.

संविधान की 75वीं वर्षगांठ पर होगी विशेष चर्चा

इसी दौरान ये भी सामने आया कि भारतीय संविधान की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर संसद में विशेष चर्चा आयोजित की जाएगी. सूत्रों के अनुसार, यह ऐतिहासिक चर्चा 13 और 14 दिसंबर को आयोजित की जाएगी. इस चर्चा के दौरान भारतीय संविधान के मूल सिद्धांतों, इसके विकास और देश की प्रगति में इसकी भूमिका पर विचार किया जाएगा.

राज्यसभा में 16 और 17 दिसंबर को होगी चर्चा

बैठक में शामिल किरेन रिजिजू ने बताया कि लोकसभा में संविधान पर विशेष चर्चा 13 और 14 दिसंबर को होगी, जबकि राज्यसभा में यह चर्चा 16 और 17 दिसंबर को आयोजित की जाएगी. विपक्षी दलों ने संविधान सभा द्वारा भारतीय संविधान के अपनाए जाने की 75वीं वर्षगांठ पर दोनों सदनों में चर्चा की मांग की थी. बैठक में शामिल कई विपक्षी नेताओं ने भी मंगलवार से संसद के सुचारू संचालन को लेकर सकारात्मक संकेत दिए.

संसद के दोनों सदनों में संविधान के महत्व और इसकी प्रासंगिकता पर गहन विचार-विमर्श की तैयारी की जा रही है. इस खास मौके पर सरकार और विपक्ष के नेताओं के बीच भी संवाद हो सकता है. यह चर्चा ऐतिहासिक हो सकती है.

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *