Spread the love

दिल्ली-एनसीआर में भारी बारिश और ठंडी हवाओं ने मौसम का मिजाज बदल दिया है। बारिश और तेज हवा से दिल्ली का एयर क्वालिटी लेवल भी पहले से सुधरा है। मौसम विभाग ने दिल्ली के लिए कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है।

दिल्ली मौसम केंद्र की ओर से जारी बयान के मुताबिक साल के पहले दिन जमा देने वाली सर्दी रहेगी। एक जनवरी को 25 से 35 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दिनभर तेज हवाएं चलेंगी। मौसम विभाग ने 30 दिसंबर से लेकर 1 जनवरी तक के लिए घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, नए साल पर कड़ाके की ठंड और घने कोहरे की स्थिति बनी रहेगी। एक तरफ जहां मैदानी इलाकों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है वहीं, पहाड़ों पर जमकर बर्फबारी हो रही है। वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण देश के विभिन्‍न राज्‍यों में ह रही बारिश के बाद अब देशभर में गलन बढ़ने लगी है। उत्तर भारत शीतलहर की चपेट में है।

नए साल पर कैसा रहेगा हिमाचल प्रदेश का मौसम?

आईएमडी के मुताबिक, हिमाचल प्रदेश में शीतलहर चलने और कोल्‍ड डे रहने की संभावना है। वहीं, अगले दो-तीन दिनों में उत्तर प्रदेश में 3 से 6 डिग्री सेल्सियस तापमान ग‍िरने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, साल के आखिरी दिन यानि 31 दिसंबर को न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेलियस तक दर्ज किया जा सकता है। वहीं अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेलियस बने रहने का अनुमान है। इस दौरान ठंड को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।

हिमाचल प्रदेश में 30 दिसंबर से 1 जनवरी तक शुष्क मौसम रहने की संभावना है, जबकि राज्य के मैदानी इलाके आने वाले दिनों में शीत लहर की चपेट में रहेंगे। अगले दो दिनों में राज्य के कई इलाकों में अधिकतम तापमान में 4-5 डिग्री की बढ़ोतरी होने की संभावना है। हालांकि, भारतीय मौसम विभाग (IMD) के शिमला कार्यालय ने 2 और 3 जनवरी को राज्य भर में अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश या बर्फबारी की भविष्यवाणी की है।

दिल्ली-एनसीआर में नए साल पर येलो अलर्ट

दिल्ली में नए साल की शुरुआत के साथ न्यूनतम और अधिकतम तापमान में एक डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी देखी जा सकेगी। न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस पहुंचने की उम्मीद है। वहीं, अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान जताया गया है। 1 जनवरी के लिए भी दिल्ली-एनसीआर में येलो अलर्ट जारी किया गया है।

इन राज्यों में न्यू ईयर पर बढ़ेगी ठंड

मौसम विभाग ने 31 दिसंबर और 1 जनवरी को हिमाचल प्रदेश और राजस्थान के कुछ इलाकों में शीत लहर चलने की संभावना जताई है। इस दौरान पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर और राजस्थान के कुछ इलाकों में तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है। नए साल पर इन सभी राज्यों में शीत लहर चलेगी और तापमान में गिरावट देखी जाएगी।

अगले तीन दिन तक पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान के कुछ हिस्सों में रात और सुबह के समय घने कोहरे की संभावना है। उत्तर-पश्चिम, पश्चिम और मध्य भारत में तापमान में 3-5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की उम्मीद है। इसके चलते अगले कुछ दिनों में कड़ाके की ठंड पड़ सकती है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *