Spread the love

डेविड मिलर की 40 गेंदों पर 82 रन की तूफानी पारी की बदौलत साउथ अफ्रीका क्रिकेट टीम ने पहले ही टी20 मुकाबले में पाकिस्‍तान क्रिकेट टीम को 11 रन से हराया।

किंग्समीड, डरबन में खेले गए इस मैच में दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले बल्‍लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 183 रन बनाए। जवाब में पाकिस्‍तान टीम निर्धारित ओवर में 8 विकेट खोकर 172 रन ही बना सकी।

मेजबान टीम की खराब शुरुआत

पहले बल्‍लेबाजी करने उतरी साउथ अफ्रीका की शुरुआत बेकार रही। पहले ही ओवर में शाहीन शाह अफरीदी ने रासी वैन डेर डुसेन को बोल्‍ड किया। रासी गोल्‍डन डक पर आउट हुए। अगले ही ओवर में अबरार अहमद ने मैथ्यू ब्रीत्जके (8) को अपना शिकार बनाया। चौथे ओवर में साउ‍थ अफ्रीका को तीसरा झटका लगा। अबरार ने रीजा हेंड्रिक्स (8) को बोल्‍ड किया।

मिलर ने पारी को संभाला

इसके बाद कप्‍तान हेनरिक क्‍लासेन और डेविड मिलर ने पारी को संभाला। दोनों के बीच चौथे विकेट लिए 43 रनों के साझेदारी हुई। 9वें ओवर में अब्‍बास अफरीदी ने क्‍लासेन को इरफान के हाथों कैच आउट कराया। क्‍लासेन ने 13 गेंदों पर 12 रन की पारी खेली। इसके बाद डोनोवन फरेरा ने 7 रन बनाए। डेविड मिलर ने 40 गेंदों पर 82 रन की तूफानी पारी खेली। इस दौरान उनके बल्‍ले से 4 चौके और 8 छक्‍के निकले।

शाहीन-अबरार को 3-3 सफलता

एंडिले सिमलेन ने 1, नकाबायोमजी पीटर ने 3 रन और जॉर्ज लिंडे ने 48 रन की पारी खेली। पाकिस्‍तान की ओर से शाहीन शाह अफरीदी और अबरार अहमद के खाते में 3-3 विकेट आए। उनके अलावा अब्‍बास अफरीदी को 2 और सुफियान मुकीम के खाते में 1 विकेट आया।

बाबर का नहीं खुला खाता

184 रनों के लक्ष्‍य का पीछा करने उतरी पाकिस्‍तान की शुरुआत भी कुछ खास नहीं रही। तीसरे ही ओवर में बाबर आजम क्वेना मफाका का शिकार बने। बाबर का खाता तक नहीं खुला। इसके बाद कप्‍तान मोहम्‍मद रिजवान और सईम अयूब के बीच दूसरे विकेट के लिए 40 रनों की पार्टनशिप हुई। 7वें ओवर की तीसरी गेंद पर अयूब कैच आउट हुए। उन्‍होंने 15 गेंदों पर 31 रन ठोक दिए।

रिजवान की पारी नहीं आई काम

75 के स्‍कोर पर उस्‍मान ख्‍वाजा पवेलियन लौटे। उन्‍होंने 8 गेंदों का सामना किया और 9 रन बनाए। तैय्यब ताहिर ने 18 गेंदों पर 18 रन की पारी खेली। उनके अलावा तेज गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी ने 9, इरफान खान ने 1 रन बनाया। अब्‍बास अफरीदी गोल्‍डन डक का शिकार हुए। कप्‍तान मोहम्‍मद रिजवान ने 62 गेंदों पर 74 रन बनाए। साउथ अफ्रीका की ओर से जॉर्ज लिंडे को 4 सफलताएं मिलीं।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *