आम आदमी पार्टी (आप) की ओर से घोषित की गई संजीवनी और महिला सम्मान योजना को लेकर एक तरफ पसोपेश की स्थिति है। तो वहीं दूसरी ओर आम लोगों में योजनाओं को लेकर उत्साह है।
राजधानी में अलग-अलग इलाकों में कैंप लगाकर योजनाओं के लिए महिला व पुरुषों का रजिस्ट्रेशन किया जा रहा है। वोटर आईडी दिखाकर लोग रजिस्ट्रेशन करा रहे हैं।
शाहपुर जट गांव में महिला सम्मान योजना में पंजीयन कराने के लिए लगी महिलाओं की कतार। फोटो- जागरण
नई दिल्ली इलाके में मटियामहल, बल्लीमारान, चांदनी चौक हर जगह कैंप लगाए जा रहे हैं। जहां महिलाओं की भीड़ नजर आ रही है। शिविरों में दोनों योजनाओं के लिए महिलाओं को एक कार्ड दिया जा रहा है। इस पर केजरीवाल कवच कार्ड लिखा हुआ है।
क्या बोले रजिस्ट्रेशन कराने वाले लोग?
मटियामहल की मस्जिद के सम्मेलन कक्ष में लगाए गए शिविर में आईं शहनाज ने कहा कि महिला सम्मान योजना हम जैसी आम महिलाओं के लिए काफी कारगर है। 2,100 रुपये मिलना शुरू हो जाएंगे, तो जीवन स्तर में सुधार आ जाएगा।
बुजुर्ग फिरोजा ने कहा, दिल्ली सरकार के अस्पतालों में मुफ्त इलाज की सुविधा है, लेकिन समय काफी लग जाता है। अगर प्राइवेट में सुविधा मिल जाएगी तो और अच्छा हो जाएगा।
मटियामहल में लगे शिविर में पंजीकरण के लिए आईं शाहिदा और आफरीन अपने कार्ड दिखाते हुए। जागरण
आफरीन ने कहा, छात्राओं के लिए योजना बहुत अच्छी है। यह रकम उनकी पढ़ाई में काम आएगी। वार्ड-42 से निगम पार्षद राजेश कुमार ने बताया कि सुल्तानपुर माजरा विधानसभा में मंगलवार रात तक नौ हजार 267 लोगों ने अपना रजिस्ट्रेशन कराया है।
किराड़ी विधानसभा क्षेत्र के अवध विहार में लगाए गए शिविर में रजिस्ट्रेशन के लिए पहुंची सुशीला का कहना है कि योजना सही है, इसलिए रजिस्ट्रेशन के लिए आईं हैं। युवा ईशू कुमारी व अनीशा ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि योजना से लाभ मिलेगा। उत्तम नगर के ओल्ड पंखा रोड स्थित रजिस्ट्रेशन शिविर में ओटीपी रोड़ा बन रहा है।
एक दिन में कराए गए 10 लाख रजिस्ट्रेशन
आम आदमी पार्टी की दो योजनाओं को लेकर विवाद के बीच बुधवार को महिला सम्मान योजना के लिए रजिस्ट्रेशन अचानक बढ़ गया है। एक ही दिन में 10 लाख महिलाओं ने रजिस्ट्रेशन कराया। अब तक 22 लाख रजिस्ट्रेशन हो चुके हैं। वहीं, संजीवनी योजना के तहत करीब पौने दो लाख रजिस्ट्रेशन हुए हैं।
