
तिरुवनंतपुरम. स्मार्टफोन और इंटरनेट के विस्तार से लोगों को काफी सुविधाएं मिली हैं. लोग घर बैठे नॉलेज हासिल करने के साथ ही अन्य जरूरी काम निपटाने लगे हैं. पहले जिसे करने में काफी वक्त लगता था, इंटरनेट की वजह से अब वह आसान हो गया है. हालांकि, इसके कई दुष्प्रभाव भी सामने आए हैं. ऑनलाइन या साइबर फ्रॉड के मामले भी काफी बढ़ गए हैं. अनेकों लोगों को ठगी का शिकार होना पड़ रहा है. ऐसा ही एक मामला केरल में सामने आया है. ठगों ने एक शख्स से 2 करोड़ रुपये ठग लिए. प्रदेश पुलिस ने इस मामले में 4 लोगों को गिरफ्तार किया है.
जनकारी के अनुसार, कंबोडिया में एक कॉल सेंटर के जरिए एक व्यक्ति से दो करोड़ रुपये की ठगी करने के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है. केरल पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी. केरल के अलग-अलग जिलों के निवासी इन आरोपियों ने तिरुवनंतपुरम के रहने वाले व्यक्ति के साथ ऑनलाइन धोखाधड़ी को अंजाम दिया था. शहर पुलिस की एक विशेष जांच टीम ने राज्य की राजधानी में ऑनलाइन धोखाधड़ी में शामिल गिरोह का भंडाफोड़ किया और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.
